25 मई, 2019
यूएनआईसी/प्रेस विज्ञप्ति/080-2019
संयुक्त राष्ट्र महासचिव की सूचना
महासचिव ने भारत के लेफ्टिनेंट जनरल शैलेश तिनाइकर को दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन का फोर्स कमांडर नियुक्ति किया
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेश ने 24 मई को भारत के लेफ्टिनेंट जनरल शैलेश तिनाइकर की दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (यूएनमिस) के नए फोर्स कमांडर के रूप में नियुक्ति की घोषणा की।
लेफ्टिनेंट जनरल तिनाइकर रवांडा के लेफ्टिनेंट जनरल फ्रैंक कमान्जी का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 26 मई, 2019 को पूरा होगा। महासचिव उनकी अथक निष्ठा, अमूल्य सेवा और कारगर नेतृत्व के प्रति आभारी हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल शैलेश तिनाइकर ने 34 वर्ष से अधिक भारतीय सशस्त्र सेनाओं में उत्कृष्ट और सराहनीय सेवा की है। उन्होंने 1983 में इंडियन मिलिट्री एकेडमी से स्नातक किया और जुलाई 2018 से द इनफैंट्री स्कूल के कमाडांट हैं। इससे पहले 2017 से 20178 तक वे सेना मुख्यालय में सैन्य संचालन के अपर महानिदेशक के पद पर रहे। वे भारतीय सशस्त्र सेना में एक डिविजन, एक भर्ती प्रशिक्षण केन्द्र और एक ब्रिगेड के कमांडर रहे हैं। उन्हें उत्कृष्ट सेवा के लिए सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक से अलंकृत किया गया है।
1996 से 1997 तक उन्होंने संयुक्त राष्ट्र अंगोला वेरीफिकेशन मिशन-III और 2008 से 2009 तक सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में सेवा की है।
उन्होंने दिसम्बर, 2014 में मद्रास विश्वविद्यालय से डिफेंस एंड स्ट्रेटेजिक स्टडीज में एम.फिल. की डिग्री ली।
1962 में जन्मे, लेफ्टिनेंट जनरल तिनाइकर विवाहित हैं और एक संतान के पिता हैं।