संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंटोनियो गुटेरेस ने 13 सितंबर को इंडोनेशिया की आर्मिदा सालसिआह आलिसजहबाना को एशिया और प्रशांत क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (एस्केप) की कार्यकारी सचिव नियुक्त किया।
सुश्री आलिसजहबाना पाकिस्तान की शमशाद अख्तर का स्थान लेंगी जिनकी प्रतिबद्धता और समर्पित सेवाओं की महासचिव ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है। उन्होंने श्री होंगिऊ हेम की भी सराहना की है जो सुश्री आलिसजहबाना के पद संभालने तक कार्यवाहक कार्यकारी सचिव के पद की जिम्मेदारियों को निभाएंगे।
सुश्री आलिसजहबाना 2005 से इंडोनेशिया के बांडुंग में पदजादजरन विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र की प्रोफेसर हैं। 1988 में उन्होंने लेक्चरर के तौर पर यहां पढ़ाना शुरू किया था। 2016 से वह विश्वविद्यालय के सतत विकास लक्ष्य अध्ययन केंद्र की निदेशक और इंडोनेशियाई विज्ञान अकादमी की सह अध्यक्ष हैं। वह आसियान और पूर्वी एशिया के आर्थिक अनुसंधान संस्थान (ईआरआईए) के गवर्निंग बोर्ड में हैं। साथ ही इंडोनेशियाई विज्ञान अकादमी (अकादमी इल्मु पेनेटाहुआन इंडोनेशिया – एआईपीआई), सांख्यिकीय समुदाय मंच (फोरम मसयाराकाट स्टैटिसटिक या इंडोनेशियाई सांख्यिकी सलाहकार परिषद) और अंतरराष्ट्रीय इंडोनेशियन आर्थिक अध्ययन बुलेटिन सलाहकार बोर्ड की सदस्य और क्षेत्रीय विज्ञान संगठन इंटरनेशनल (आरएसएआई) की काउंसिल सदस्य हैं।
2009 से 2014 तक सुश्री आलिसजहबाना राष्ट्रीय विकास योजना की मंत्री और राष्ट्रीय विकास योजना एजेंसी (बापेनस), इंडोनेशिया की प्रमुख थीं। उन्होंने 2012 से 2014 के दौरान प्रभावी विकास सहयोग के लिए वैश्विक साझेदारी के सह अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। 2009 से 2014 के दौरान वह विश्व बैंक की ऑल्टर्नेट गवर्नर और इंडोनेशिया सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए एशियाई विकास बैंक की भी ऑल्टर्नेट गवर्नर रहीं। सतत विकास की 2030 की कार्यसूची के संदर्भ में संयुक्त राष्ट्र विकास प्रणाली की दीर्घकालीन स्थिति पर इकोसॉक संवाद को सहयोग देने वाले उच्च स्तरीय स्वतंत्र सलाहकार दल की वह सदस्य भी रह चुकी हैं। सुश्री आलिसजहबाना अनेक शोध परियोजनाओं और सलाहकार सेवाओं से भी जुड़ी हुई हैं जैसे टोक्यो स्थित संयुक्त राष्ट्र विश्वविद्यालय/ उन्नत अध्ययन संस्थान, विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक (एडीबी), विदेशी मामले और व्यापार विभाग (डीएफएटी), ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रेलियाई अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी (ऑसएड), यूरोपीय आयोग और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ)।
सुश्री आलिसजहबाना ने इंडोनेशियाई विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र और विकास अध्ययन में स्नातक की उपाधि हासिल की है। इसके बाद यूएसए के नॉर्थवेस्टर्न विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की उपाधि हासिल करने के बाद उन्होंने वॉशिंगटन विश्वविद्यालय से पीएच.डी की। इंडोनेशियाई नौसेना से उन्हें महापुत्रा आदिप्रदाना आदेश (बितांग महापुत्रा आदिप्रदाना) की मानद उपाधि और इंडोशियाई वायुसेना से मानद फ्लाइट विंग की उपाधि से सम्मानित किया गया है।